स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस मुख्यालय, बिहार के निर्देशानुसार सीतामढ़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ के तहत गुरुवार को +2 उच्च विद्यालय, पड़री (डुमरा) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अनुसूचित जाति/जनजाति थाना, सीतामढ़ी की ओर से ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’ के माध्यम से किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार और सभ्य समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक कानून का पालन करे और महिलाओं की गरिमा का सम्मान करते हुए अपने व्यवहार से सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करे।

इस दौरान विद्यार्थियों को महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, छेड़खानी, पीछा करना (स्टॉकिंग), साइबर उत्पीड़न तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों और उनके दंडात्मक पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि यदि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, महिला उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना किसी भय या संकोच के तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को ‘विधि पालक युवक’ बनने का संकल्प भी दिलाया गया। उन्हें महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, कानून के पालन और लैंगिक समानता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

सीतामढ़ी पुलिस ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और समाज में सम्मान एवं समानता की भावना को मजबूत करना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version