तालाब और कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई अवैध मस्जिद को जिला प्रशासन ने आठ जेसीबी लगाकर ध्वस्त करा दिया। लहरपुर में बनाई मस्जिद को हटाने के लिए कई नोटिस दी गई, लेकिन इसका संचालन करने वालों ने जब संज्ञान नहीं लिया तो जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
लहरपुर तहसील प्रशासन की ओर से सोमवार को सुबह तालाब एवं कब्रिस्तान की जमीन पर 12 वर्ष पूर्व अवैध रूप से बनाई गई एक मस्जिद को धवस्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण शुरू किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील लहरपुर ने पहले ही संबंधित पक्ष को उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान आठ जेसीबी लगाई गई। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीएसी बल के साथ-साथ कई थानों की पुलिस तैनात रही और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
