समाहरणालय, सीतामढ़ी
जन संपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–25.11.2026

लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण शीघ्र पूर्ण कराएं : जिला पदाधिकारी

दिव्यांगजनों की ट्राई साइकिल की मरम्मत के लिए प्रखंडवार कैंप लगाने का निर्देश

सीतामढ़ी। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण (Life Certification) अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वृद्धजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना एवं एमटीसी पोर्टल से संबंधित अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराना केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों की खराब ट्राई साइकिल की मरम्मत के लिए प्रखंडवार कैंप आयोजित कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें आवागमन में कठिनाई न हो।

बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी बीडीओ को प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, परवरिश योजना के तहत अनाथ बच्चों, एचआईवी प्रभावित परिवारों एवं कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवारों के बच्चों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। विशेष रूप से वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय प्रयास करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी-सह-सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई श्री लालकृष्ण राय, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री गोविंद राम, विधिक सह परिवीक्षा पदाधिकारी श्री ओम प्रकाश पाण्डेय सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version