समाहरणालय, मधुबनी
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 14 /04/2026
⬛️ समाहरणालय परिसर के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
मधुबनी, दिनांक —14 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आज पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ समाहरणालय परिसर का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने जल जमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समुचित जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि वर्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कर्मियों के दोपहिया वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थल को विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों के वाहनों के लिए अलग एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे परिसर में आवागमन सुचारू एवं व्यवस्थित बना रहे।
जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष बल देते हुए हरियाली बढ़ाने, पौधारोपण करने तथा परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समाहरणालय न केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र है, बल्कि यह आम जनता के लिए जिले की छवि भी प्रस्तुत करता है, अतः इसका सुव्यवस्थित एवं सुंदर होना अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों के निष्पादन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।- —————————————————————————————* ..*
*आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे। किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर*06276-222576 पर करे संपर्क।।**
=============== ===
।**
# DPRO,Madhubani
