समाहरणालय सीतामढ़ी
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 17 मार्च 2026
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ईद —उल —फितर पर्व आयोजन के मद्देनजर तथा विधि व्यवस्था संधारण के निमित्त जिलाधिकारी के द्वारा की गई ब्रीफिंग।
समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में आज जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के द्वारा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ईद पर्व के आयोजन तथा इस मौके पर विधि व्यवस्था संधारण के मद्देनजर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में डीएम नेअपने संबोधन में कहा कि सभी प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। निर्देश दिया कि विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी प्रतिनियुक्त सेक्टर पेट्रोलिंग दंडाधिकारी/ पुलिस पदाधिकारी स— समय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पुलिस अधिकारी विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भ्रमणशी रहेंगे। डीएम ने स्पष्ट कहा कि माहौल बिगाड़ने के प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए।अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरतें। इस दरमियान सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखें।धार्मिक भावनाओं को आहत किए जाने वाले पोस्ट, ऑडियो, वीडियो, टेक्स्ट पर कड़ी कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म यथा— व्हाट्सएप ग्रुप, युटुब इंस्टाग्राम,फेसबुक पेज तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगाह रखी जाए।

बताया गया कि जिला प्रशासन का आईटी सेल एवं पुलिस विभाग का साइबर सेल के द्वारा इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ब्रीफिंग में नगर आयुक्त,सिविल सर्जन, जिला अग्निशाम पदाधिकारी तथा अन्य विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। तीन सीनियर पदाधिकारियों को सभी तीन अनुमंडल का वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। संजीव कुमार अपर समाहर्ता को सीतामढ़ी सदर अनुमंडल क्षेत्र, राहुल कुमार अपर समाहर्ता विभागीय जांच को पुपरी अनुमंडल क्षेत्र एवं श्री बृजकिशोर पांडेय अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन को बेलसंड अनुमंडल क्षेत्र के प्रभारी पदाधिकारी रहेंगे।
इस त्यौहार के अवसर पर संपूर्ण जिले के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में श्री संजीव कुमार उप विकास आयुक्त सीतामढ़ी एवं मो नजीब अनवर वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रहेंगे।
विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कुल 18सेक्टर पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।साथ ही सभी अनुमंडल में थाना वार पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों /पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
इस अवसर पर विधि व्यवस्था /शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु 20 मार्च 2026के 2:00 बजे अपराह्न से 22 मार्च 2026 तक सीतामढ़ी से समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय सीतामढ़ी में जिला नियंत्रण कक्ष कार्य करेगा जिसका दूरभाष संख्या 06226—250316 है।
ब्रीफिंग के मौके पर अपर समाहर्ता संजीव कुमार, डीडीसी संदीप कुमार ,अपर समाहर्ता विभागीय जांच राहुल कुमार,सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी जिला स्तरीय वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
