उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिवपुर थाना क्षेत्र की चांदमारी पुलिस चौकी अंतर्गत महादेवपुरम कॉलोनी में एक विवाहिता ने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसीपी कैंट और शिवपुर थाने की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका की पहचान काजल राय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंदौली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। परिवार के अनुसार, काजल की शादी 16 नवंबर 2024 को महादेवपुरम कॉलोनी निवासी नितेश कुमार सिंह से हुई थी। बताया जा रहा है कि नितेश सिगरा क्षेत्र स्थित एक बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल को दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस प्रताड़ना से तंग आकर काजल ने करीब 15 दिन पहले ही शिवपुर थाने में अपने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था।
परिवार का कहना है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा, जिससे आहत होकर काजल ने यह कदम उठाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और उससे जुड़ी सामाजिक बुराइयों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
