समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिला जनसंपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–07 अक्टूबर 2026
सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो वायरल होने की सूचना जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के पश्चात मामले का त्वरित सत्यापन कराया गया। सत्यापन के क्रम में पाया गया कि उक्त वीडियो परिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवपट्टी गांव के वार्ड संख्या-02 स्थित संस्कृत विद्यालय के समीप का है।
वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा छोटे बच्चों के साथ आपत्तिजनक एवं अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा तत्काल जिला पुलिस को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
मामले में परिहार थाना के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में संलिप्त व्यक्ति श्रवण महतो, पिता–आस नारायण महतो, निवासी महादेवपट्टी, वार्ड संख्या-05, थाना परिहार, जिला सीतामढ़ी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2), 115(2), 126(2), 125(2), 109(1) तथा किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी आपत्तिजनक अथवा भ्रामक सामग्री की सूचना मिलने पर उसका सत्यापन कर आवश्यकतानुसार तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
