मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने एसआईआर एवं चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उठाए सवाल, लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर रखे विचार
सीतामढ़ी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आज श्री राधा कृष्ण गोयनका महाविद्यालय, सीतामढ़ी में प्रमुख नागरिक संगोष्ठी सह जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला एवं संस्कृति मंत्री श्री प्रमोद चंद्रवंशी जी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सीतामढ़ी जिलाध्यक्ष श्री मनीष कुमार गुप्ता जी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री प्रमोद चंद्रवंशी जी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय चुनावी प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। भारत का लोकतंत्र दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में से एक है। इसकी संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इस प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों और लगाए जा रहे आरोपों पर तथ्यात्मक चर्चा होनी चाहिए। चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास मजबूत करने की आवश्यकता है।
मंत्री जी ने आगे कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान, नागरिकों की भागीदारी और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन भी शामिल है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन चुनावी व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा तथ्यों और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर होनी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने एसआईआर के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने तथा चुनावी प्रक्रिया को लेकर पार्टी का पक्ष प्रबुद्ध नागरिकों के समक्ष रखने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मनीष कुमार गुप्ता जी ने उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों एवं गणमान्य लोगों से लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर जागरूक एवं तथ्यपरक संवाद में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री श्री चुनचुन सिंह जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री श्री संदीप राय जी ने किया।
इस अवसर पर रीगा विधानसभा के विधायक श्री बैद्यनाथ प्रसाद जी, पूर्व विधायक श्री मिथिलेश कुमार जी, पूर्व विधायक श्रीमती नगीना देवी जी, पूर्व विधायक श्री रामनरेश यादव जी, पूर्व सांसद श्री अर्जुन राय जी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती संगीता सिंह जी, गोयनका महाविद्यालय के प्रधानाचार्य श्री ओम प्रकाश राय जी, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री मनोज वत्स जी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जिले के अनेक प्रमुख नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।
