रेवाड़ी के गांव बास बिटौड़ी में 60 वर्षीय पूर्व सैनिक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि गांव के ही एक एलएलबी छात्र ने जेवरात और नकदी लूटने के उद्देश्य से नुकीले हथियार से वार कर हत्या की थी। वारदात को अंजाम देने में खालेटा निवासी उसका एक दोस्त, जो वार्ड बॉय है, भी शामिल था।

घटना 28 जनवरी की रात की बताई गई है। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रेवाड़ी क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के लिए आरोपितों को रिमांड पर लिया गया है।

घर में अकेले रहते थे महाराम

पुलिस के अनुसार, करीब 60 वर्षीय महाराम गांव में अपने घर में अकेले रहते थे। गांव निवासी एलएलबी छात्र विशाल का उनके घर आना-जाना था। 28 जनवरी की शाम विशाल ने महाराम के कहने पर उन्हें शराब लाकर दी थी। इसके बाद वह अपने घर चला गया, लेकिन रात में पेचकस लेकर वापस पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपितों ने जेवरात और नकदी लूट ली। पुलिस अब मामले में आगे की पूछताछ कर अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इसके बाद गांव खालेटा के रहने वाले प्राइवेट अस्पताल में वार्ड ब्वॉय की नौकरी करने वाले साहिल को बुलाकर 55 ग्राम सोने और एक किलो चांदी के गहने व करीब 35 हजार की नकदी लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। दो फरवरी को ग्रामीणों को महाराम की हत्या की जानकारी हुई। इसके बाद सूचना के बाद पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।

हत्या का मुकदमा दर्ज

पोस्टमॉर्टम के बाद हत्या की पुष्टि हो गई थी। इसके बाद मृतक के बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन की जांच के आधार पर पुलिस ने विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी साहिल को भी काबू कर लिया।

पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों आरोपितों को रिमांड पर लिया है। बृहस्पतिवार को डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आरोपित विशाल एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र है, जिसने अपने शौक पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम दिया है और अपने दोस्त को इसमें शामिल किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version