प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक – 17 जून 2026
रिंग बांध सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश, जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार को शहर के महत्वपूर्ण रिंग बांध सड़क मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण पुराना पोस्टमार्टम हाउस के समीप से प्रारंभ होकर पासवान चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक लगभग 2.9 किलोमीटर लंबे निर्माणाधीन सड़क खंड पर किया गया। इस दौरान बुडको एवं पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी तथा डीसीएलआर सदर भी उपस्थित रहे। डुमरा एवं रीगा के अंचल अधिकारी भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क की वर्तमान स्थिति तथा आवागमन को सुगम बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सड़क के मध्य स्थित विद्युत पोलों के स्थानांतरण के लिए विद्युत विभाग तथा निर्माण कार्य में बाधक वृक्षों के निष्पादन हेतु वन विभाग को समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अभियंताओं को निर्माण कार्य में और अधिक गति लाने का निर्देश देते हुए कहा कि लंबित प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन कर परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंबता स्वीकार्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि रिंग बांध सड़क शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से न केवल आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण एवं उन्नयन से यातायात दबाव में कमी आएगी तथा जाम की समस्या के समाधान में भी उल्लेखनीय सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ प्राप्त हो सके।
