प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक–14-11-2026

हरि छपरा में व्रतियों से किया संवाद, छठ महापर्व की दी शुभकामनाएं

लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सामाजिक समरसता और सहभागिता की भावना को साकार करते हुए जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया आज डुमरा प्रखंड के हरि छपरा स्थित वार्ड संख्या-08 के महादलित टोले पहुंचे। यहां उन्होंने छठ महापर्व का अनुष्ठान कर रहे व्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण किया तथा उनसे आत्मीय संवाद कर पर्व की तैयारियों एवं उनकी सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर टोले के लोगों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। उन्होंने व्रतियों एवं उपस्थित महिलाओं से बातचीत करते हुए छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर समाज के सभी वर्गों के बीच खुशियां साझा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी की इस पहल से महादलित टोले के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। व्रतियों एवं स्थानीय लोगों ने इस आत्मीय पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मौके पर जिला कल्याण पदाधिकारी श्री सुभाष चंद्र राजकुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री आनंद कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, महादलित टोले के निवासी, महिलाएं एवं बुजुर्ग उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version