प्रकाशनार्थ (फोटो) 31/03/2026
महंगाई से जनता बेहाल, भाजपा- जदयू सरकार हो रही मालामाल : भावना झा
मुफ्त बिजली के नाम पर जनता से धोखा, टैरिफ बढ़ाकर लोगों को लूटने की साजिश
2 अप्रैल 2026 को महंगाई के खिलाफ सभी प्रखंड मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
कांग्रेस की पूर्व विधायक भावना झा ने कहा कि देश आज कठिन दौर से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को ये पता था कि इजरायल और ईरान के बीच तनाव है और अमेरिका कभी भी युद्ध भड़का सकता है। बावजूद इसके प्रधानमंत्री इजरायल चले गए। हमारे दशकों पुराने मित्र, जिसने हर मौके पर हमारा साथ दिया है उस इरान के दुश्मनों से मिले। लड़ाई चल रही है इरान, अमेरिका और इजराय़ल के बीच लेकिन मुश्किल में फंसे हैं हम भारत के लोग। रसोई गैस की किल्लत से घरों में चूल्हे नहीं जल रहे हैं। घंटों में लाइन में खड़े होने का बाद एक-एक सिलेंडर तीन-तीन हजार रुपए का मिल रहा है।
जिला कांग्रेस मुख्यालय ललित आश्रम गांधी मैदान में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भावना झा ने कहा कि जब सिलेंडर महंगे हुए तो लोगों ने अपने परिवार, बाल-बच्चों का पेट पालने के लिए बिजली से चलने वाले इंडक्शन चूल्हे खरीदे। लेकिन हाय री सरकार! आफत की घड़ी में लोगों को भर पेट खाना खाता देख भाजपा और जदयू की सरकार से रहा नहीं गया और सरकार ने शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक बिजली की कीमत 20 प्रतिशत बढ़ा दी। ये वही समय है जब घरों में खाना पकाया जाता है।
मित्रों, पेट्रोल और डीज़ल का संकट शुरू हो चुका है। कई शहरों में लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं बावजूद इसके लोगों को पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहे हैं। हमारी और आपकी ज़रूरत की हर चीज महंगी होती जा रही है। एक तो हर चीज की किल्लत ऊपर से महंगाई की मार। ऐसा लग रहा है जैसे लुटेरों ने हमें चारों ओर घेर लिया है और जो मिल रहा है सबकुछ लूट रहे हैं।
पूर्व विधायक भावना झा ने कहा कि मोदी जी जब से आए हैं, देश लाइन में खड़े-खड़े परेशान है। नोटबंदी हुई तो देश लाइन में खड़ा हुआ, कई लोगों की लाइन में खड़े होने से मौत हुई। अचानक बिना कोई राहत दिए लॉकडाउन लगा दिया गया। सैकड़ों लोग सड़कों पर चलते-चलते भूख और प्यास से मर गए। मांओं की गोद में उनके भूखे बच्चे मरे। और अब मोदी की गलती से गैस मिलना मुश्किल हुआ तो नीतीश जी को उसमें जनता को लूटने का अवसर मिल गया और उन्होंने बिजली महंगी कर दी।
उन्होंने कहा कि इसलिए कांग्रेस पार्टी ने, हमारे नेता मल्लिकार्जुन खड़गे जी, राहुल गांधी जी और राजेश राम जी ने ठाना है कि जनता को मुश्किलों मे डाल कर लूटने वाली इन सरकारों का डट कर मुकाबला करना है और इनको उंखाड़ फेंकना है। इसकी शुरुआत हम 2 अप्रैल से कर रहे हैं। बिहार के हर प्रखंड मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी 2 अप्रैल को प्रदर्शन करेगी। फिर 3 अप्रैल को राजधानी पटना में कांग्रेस पार्टी का विराट प्रदर्शन होगा। हम जनता से अपील करते हैं कि बार-बार देश को संकट में डाल कर लूटने वाली सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरें।
मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष रकटू प्रसाद, प्रमोद कुमार नील, प्रदेश प्रतिनिधि मो. अफाक खान, संजय कुमार बिररख, डॉ. राजीव कुमार काजू, मो. शम्स शाहनवाज, सीताराम झा, ताराकांत झा, आलोक सिंह, आफताब अंजुम बिहारी, प्रो. राम प्रवेश कुशवाहा, प्रो. धीरज मिश्रा, विजय सिंह राठौर, चुन्नू सिंह, ऋतु ठाकुर, सोहन प्रसाद, राम पुकार महतो, दिलीप पांडे, अमजद खान, वीरेंद्र कुशवाहा, राजीव कुशवाहा आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
