मधुबनी। जिले में बच्चों को सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में बिस्फी प्रखंड के राम सागर टोल स्थित नया प्राथमिक विद्यालय में करीब 15 लाख रुपये की लागत से दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी मधुबनी आनंद शर्मा ने पूर्व में बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान नया प्राथमिक विद्यालय, राम सागर टोल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

डीएम के निर्देश के त्वरित अनुपालन में सोमवार को विद्यालय परिसर में दो कमरों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भवनविहीन या भूमिहीन विद्यालयों में भी पठन-पाठन जारी रखने के लिए तत्काल आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बच्चों की शिक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

वहीं, बीडीओ बसंत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रखंड प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों की आधारभूत जरूरतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

11 बिंदुओं पर विद्यालयों से मांगी गई रिपोर्ट

सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने और आधारभूत सुविधाओं की कमियों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रधानाध्यापकों से 11 बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में विद्यालय भवन की उपलब्धता, आधारभूत संरचना तथा भवनविहीन एवं भूमिहीन विद्यालयों से जुड़ी जानकारी शामिल है।

प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर विद्यालयों की जरूरतों का आकलन किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

राम सागर टोल स्थित विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण की पहल से स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने बच्चों की शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में समाजसेवी मदन यादव, मोहम्मद चांद, मनोज कुमार मंडल, सुधीर कुमार मंडल, शिक्षिका नीलम कुमारी, शंभू यादव, सहायक शिक्षक परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version