मधुबनी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सोमवार को जिले में स्थित EVM और VVPAT वेयर हाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा, सुरक्षित भंडारण और निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयर हाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था के साथ-साथ EVM और VVPAT के रख-रखाव से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि EVM और VVPAT निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील सामग्री हैं। इनके सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वेयर हाउस की सुरक्षा तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत कुमार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय समेत संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version