मधुबनी। जिले में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को लंबित ई-चालान और ट्रैफिक चालानों के सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए जागरूक करना है। बताया गया कि जिन वाहन स्वामियों के यातायात चालान 12 जून 2026 तक लंबित हैं और जिन्हें 90 दिनों से अधिक समय हो चुका है, वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित चालानों का विधिवत निपटारा या संशोधन करा सकते हैं।
वाहन स्वामियों को एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना-2026 का लाभ लेने का भी अवसर मिलेगा। जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आम लोगों और वाहन स्वामियों को राष्ट्रीय लोक अदालत तथा लंबित यातायात चालानों के निपटारे की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
प्रशासन की ओर से संबंधित वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों और चालान की प्रति के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराएं और योजना का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी राम बाबू सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
