मधुबनी। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर.के. कॉलेज, मधुबनी में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाइयों और जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वन विभाग, मधुबनी का भी सहयोग रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों, जिला गंगा समिति के प्रतिनिधियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान कॉलेज परिसर में विभिन्न पौधे लगाए गए और स्वयंसेवकों को वृक्षों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को यह संदेश भी दिया गया कि सिर्फ पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मंडल ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से पौधों के संरक्षण को अपनी नियमित गतिविधियों में शामिल करने की अपील की।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी इकाई-1 डॉ. अशोक रंजन ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों के माध्यम से सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के साथ पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं।

वन विभाग, मधुबनी के रेंज ऑफिसर संजय कुमार ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन को कम करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

वहीं, डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि नदियों और पर्यावरण का संरक्षण एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। हरित क्षेत्र का विस्तार जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को व्यापक जनभागीदारी वाले आंदोलन में बदला जा सकता है।

कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी इकाई-2 सुधांशु कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस स्वयंसेवकों आशीष आनंद, यश राज, नरेश कुमार चौधरी, प्रिया मिश्रा, खुशी मिश्रा, सुशांत शेखर, पीयूष कुमार, अपूर्व अनुपम, राहुल कुमार ठाकुर, सोनु, बसंत, राहुल सफी, प्रत्यूष, ऋषभ और अपूर्वा श्रेयश सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version