मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत गंगुली ग्राम पंचायत में बुधवार को आयोजित सहयोग शिविर में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सुमन प्रसाद साह और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ ने भाग लिया। दोनों अधिकारियों ने आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राजकीय मध्य विद्यालय, गंगुली परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और पौधरोपण के साथ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

पहले से मिले 17 आवेदनों में 16 का हुआ निस्तारण

प्रशासन के अनुसार, शिविर से पहले ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विभिन्न समस्याओं से जुड़े 17 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 16 का निस्तारण पहले ही कर दिया गया था। वहीं शिविर के दौरान 14 नए आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित 15 आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया।

गांव में ही मिली योजनाओं की जानकारी

सहयोग शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोगों से आवेदन और शिकायतें भी प्राप्त की गईं तथा कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उनका निस्तारण किया गया। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता नजर आया।

समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने पंचायत और प्रखंड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और प्रशासन तथा आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

प्रवासी श्रमिक को मिला सहायता चेक

शिविर के दौरान श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार की ओर से एक प्रवासी श्रमिक को आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया गया।

जिलेभर में 26 पंचायतों और नगर निकायों में लगे शिविर

प्रशासन के अनुसार, बुधवार को जिले की 26 पंचायतों और सभी नगर निकायों के 15 वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। सभी शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी रही और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं के समाधान तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिला साइबर सेल प्रभारी अंकुर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुदर्शन कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version