शाहपुर कस्बे के एक मदरसे में मौलाना ने नाबालिग छात्र के साथ कुकर्म किया। लगभग पांच दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपित मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
गांव तावली निवासी 70 वर्षीय मौलाना इकबाल कस्बा शाहपुर स्थित मदरसा जामिया इस्लामिया गुलजार ए मोहम्मदी में पढ़ाता है। उसका पुत्र भी इसी मदरसे में पढ़ाता है। पीड़ित किशोर के पिता की ओर से दी गई तहरीर पर रविवार शाम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बताया कि आरोपित मौलाना इकबाल को हिरासत में लिया गया है।
मामले को दबाने में लगी रही मदरसा कमेटी
घटना को लेकर मुस्लिम समाज में आक्रोश है। आरोप है कि मदरसा कमेटी को पूरे प्रकरण का पता चल गया था, लेकिन कार्रवाई के बजाए घटना को दबाया जा रहा था। वीडियो वायरल हुआ तो आरोपित मौलाना व उसके बेटे को मदरसे से भगा दिया गया। समाजसेवी हाजी इलियास कुरैशी ने बताया कि कस्बे में मुस्लिम समाज जल्द ही इस मदरसे को लेकर पंचायत करेगा, क्योंकि घटना शर्मसार करने वाली है।
