प्रेस विज्ञप्ति
मधुबनी, 06 अक्टूबर 2026। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), मधुबनी के तत्वावधान में किसानों के लिए भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान, भरतपुर (राजस्थान) में दिनांक 05 से 09 अक्टूबर 2026 तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मधुबनी जिले के चयनित किसान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सरसों एवं अन्य तिलहनी फसलों की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत किस्मों का चयन, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, बीज उपचार, संतुलित उर्वरक एवं पोषक तत्व प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी विशेषज्ञ वैज्ञानिकों द्वारा प्रदान की जा रही है।
किसानों को विशेष रूप से कम लागत में अधिक उत्पादन, जल एवं मृदा संरक्षण, समेकित कीट प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण तथा उत्पादन के बाद मूल्य संवर्धन एवं विपणन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने संस्थान के वैज्ञानिकों से संवाद कर सरसों उत्पादन से जुड़ी अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर किसानों को बदलते कृषि परिवेश में नई तकनीकों को अपनाने, उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रयोग करने तथा तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि करते हुए उनकी उत्पादन क्षमता एवं आय में वृद्धि करना है।
किसानों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि भारतीय सरसों अनुसंधान संस्थान, भरतपुर में प्राप्त वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी को वे अपने खेतों में अपनाकर सरसों सहित अन्य तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के रहिका प्रखंड से श्री अरुण कुमार भंडारी, बाबूबरही से श्री अशोक कुमार यादव ,खजौली प्रखंड से श्री सूर्य नारायण चौधरी , झंझारपुर से श्री राघव चौधरी, बेनीपट्टी से श्री राजकुमार झा सहित जिले के सभी प्रखंडों से किसान श्री बिनोद कुमार, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, एवं श्री देवकी नंदन पाल, सहायक तकनीकी प्रबंधक के नेतृत्व में भाग ले रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version