मधुबनी, 27 जून 2026। जिले में मुहर्रम पर्व देर रात तक शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरे जिले में होने वाली गतिविधियों की पल-पल मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रशासन और पुलिस के बीच लगातार समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा गया है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार स्वयं जिले की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।
इस बीच जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सोशल मीडिया टीम और जिला साइबर सेल भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय निगरानी रखे हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गलत, भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, कुछ ऐसे लोगों की पहचान भी की गई है जो सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक या तनाव बढ़ाने वाली सामग्री प्रसारित करने का प्रयास कर रहे थे। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।
किसी भी प्रकार की सूचना, सहायता या शिकायत के लिए नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-224425 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
