मधुबनी, 26 जून 2026। जिले में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिले के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा पूरे जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मुहर्रम के अवसर पर पल-पल की गतिविधियों की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय और मुस्तैद है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
किसी भी आपात स्थिति या अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार स्वयं जिले की गतिविधियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-224425 पर संपर्क करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
