*ब्रेकिंग-नीट परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को* *लेकर जिला प्रशासन* *पूरी तरह सतर्क।*

*मधुबनी, 21 जून 2026*

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा स्वयं परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पवित्रता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिला साइबर सेल एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।– डीपीआरओ,मधुबनी

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version