सीतामढ़ी, 13 सितंबर 2026। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरीय साथी, जिला उपाध्यक्ष और जिला परिषद क्षेत्र संख्या 13 डुमरा की जिला परिषद सदस्य के पति स्वर्गीय बैद्यनाथ महतो की हत्या के विरोध में रविवार को राजद जिला कार्यालय, सीतामढ़ी में शोकसभा आयोजित की गई। शाम 4 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत बैद्यनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की और हत्याकांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।

शोकसभा की अध्यक्षता राजद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुनील कुमार कुशवाहा ने की। इस दौरान मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय बैद्यनाथ महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

राजद नेताओं ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि इस हत्या से पूरा राजद परिवार गहरे शोक और आक्रोश में है। पार्टी ने कहा कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

शोकसभा के दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी फोन के माध्यम से शोकाकुल परिवार से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन भी दिया है।

राजद ने प्रशासन के सामने रखीं छह प्रमुख मांगें

शोकसभा के माध्यम से जिला प्रशासन और राज्य सरकार से हत्याकांड को लेकर कई मांगें रखी गईं। राजद ने मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को दो दिनों के भीतर गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कराकर दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाई जाए।

पार्टी ने हत्या के कथित साजिशकर्ताओं के साथ-साथ डुमरा थाना अध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

इसके अलावा राजद ने मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने, शोकाकुल परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और मृतक के परिजनों को तत्काल पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की।

राजद नेताओं ने कहा कि पार्टी अपराध और अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। नेताओं के मुताबिक न्याय, सम्मान, लोकतंत्र और आम लोगों की सुरक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

शोकसभा में निवर्तमान जिला प्रधान महासचिव एवं पूर्व नगर परिषद सभापति मो. जलालुद्दीन खां, जिला कोषाध्यक्ष गौहर समी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष आपदा प्रकोष्ठ सुनील कुमार यादव, डुमरा के प्रखंड अध्यक्ष रामकृष्ण महतो, जिलाध्यक्ष शिक्षक प्रकोष्ठ डॉ. सुरेंद्र महतो, डॉ. मिहिरराज, जिला प्रवक्ता मो. अमीरुल, राष्ट्रीय सचिव अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ परवेज आलम, अभिजीत कुमार, अरविंद कुमार, मुहम्मद अफसर, कमाल, अवधेश कुमार, मो. कौशर खां, मो. मजहर समेत राजद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि स्वर्गीय बैद्यनाथ महतो को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।

स्वर्गीय बैद्यनाथ महतो अमर रहें। भावभीनी श्रद्धांजलि।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version