बिहार भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं के लिए जल्द अच्छी खबर आ सकती है। पार्टी प्रदेश में संगठन का विस्तार करने की तैयारी में जुटी है। इसके तहत प्रदेश कार्यसमिति के गठन के साथ सात मोर्चों, विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों में नई नियुक्तियों का ऐलान किया जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के अलग-अलग पदों के लिए नामों की सूची तैयार कर ली है। प्रदेश कार्यसमिति के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। वहीं, मीडिया विंग में प्रवक्ता, मीडिया संयोजक, मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां लंबित हैं।

इस संगठनात्मक विस्तार में अनुभवी नेताओं के साथ युवा कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है। पार्टी संगठन में बेहतर तालमेल और सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से नए चेहरों को मौका दे सकती है।

सात मोर्चों पर भी नजर

भाजपा के सात प्रमुख मोर्चों में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा शामिल हैं। इनसे जुड़ी संगठनात्मक नियुक्तियों और कार्यकारिणी के विस्तार पर भी चर्चा है।

गौरतलब है कि संजय सरावगी को दिसंबर 2025 में बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद मई 2026 में प्रदेश पदाधिकारियों और सात मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा हुई थी। अब संगठन के शेष पदों पर नियुक्तियों की तैयारी चल रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version