प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक–30–06–2026

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” संकल्प को धरातल पर उतारने के मद्देनजर जिले के 09 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का संचालन किया जाना है। जिलाधिकारी रिची पांडेय लगातार पूरी तैयारी पर नजर रखे हुए हैं।

आज जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में डिग्री कॉलेज संचालन की तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक में नामित प्राचार्यों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिले के बाजपट्टी,
बोखरा, चूरौत, मेजरगंज, नानपुर, परसौनी, रुन्नीसैदपुर, सोनवर्षा और सुप्पी प्रखंडों में फिलहाल चिह्नित सरकारी भवनों में डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने भवन प्रमंडल को निर्देश दिया कि शीघ्र अपना कार्य पूर्ण करें। साथ ही सभी चिन्हित स्थलों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से चौकीदार की
प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि कॉलेजों के शुरू होने से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे उच्च शिक्षा में नामांकन दर बढ़ेगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

बैठक में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों के साथ सभी तकनीकी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version