सरकार के सात निश्चय-3 में शामिल ”कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत उदेरास्थान सिंचाई परियोजना के पुनर्स्थापन एवं विस्तार के लिए जल संसाधन विभाग ने 53 करोड़ 59 लाख 6 हजार 871 रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है।

इस परियोजना के तहत महमुदा मुख्य नहर का दो किलोमीटर तक विस्तारीकरण, महमुदा शाखा नहर का पुनर्स्थापन तथा भारथु शाखा नहर में एक फाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त जलवार नदी से गाद निकालने के साथ आवश्यक संरचनाओं के निर्माण का भी कार्य होगा।

वर्तमान में जलवार नदी में गाद जमा होने और पानी की कमी के कारण निश्चलगंज वीयर सिंचाई योजना की सिंचाई क्षमता प्रभावित हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए उदेरास्थान बराज से निकलने वाली 3.75 किलोमीटर लंबी महमुदा मुख्य नहर के दो किलोमीटर हिस्से का विस्तार किया जाएगा।

इसके माध्यम से फल्गु नदी के जल को जलवार नदी से जोड़ा जाएगा। वहीं, जलवार नदी के 0 से 16.80 किलोमीटर तक गाद की निकासी कर सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।

परियोजना के पूरा होने पर 6410 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की नई सुविधा विकसित होगी, जबकि 200 हेक्टेयर भूमि में पहले से उपलब्ध सिंचाई सुविधा पुनर्स्थापित की जा सकेगी।

नहरों व बराज तक पहुंच पथ का भी होगा सुधार

योजना के तहत उदेरास्थान बराज के दाहिने मुख्य सड़क से लगभग 1200 मीटर लंबे पहुंच पथ का पुनर्स्थापन एवं मरम्मत कराया जाएगा। बरसात के दिनों में आवागमन बाधित होने की समस्या को दूर करने के लिए यह कार्य महत्वपूर्ण है।

इसके अतिरिक्त भारथु शाखा नहर के 15.50 किलोमीटर पर एक फाल का निर्माण तथा महमुदा शाखा नहर के विभिन्न हिस्सों में बाएं तटबंध को मजबूत किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version