प्रेस विज्ञप्ति
——————
जिला जनसंपर्क कार्यालय
मधुबनी
————————————————
03 अगस्त

 

जिलाधिकारी आनंद शर्मा , मधुबनी के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 03 अगस्त को District Emergency Response Facility Cum Training Centre, बेनीपट्टी में आपदा मित्रों के उन्मुखीकरण हेतु एकदिवसीय जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा मित्रों की क्षमता का विकास करना तथा उन्हें विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं के दौरान प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों को जागरूक करते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीआरएफ टीम कमांडर श्री प्रदीप कुमार यादव एवं सिपाही श्री रंजीत कुमार यादव द्वारा आपदा मित्रों को बाढ़ से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि बाढ़ की स्थिति में किन-किन सावधानियों का पालन करना चाहिए तथा किन गतिविधियों से बचना चाहिए। इसके अतिरिक्त नदी, तालाब अथवा अन्य जलस्रोतों में डूबने की घटना होने पर प्रारंभिक स्तर पर किए जाने वाले जीवनरक्षक उपायों, सुरक्षित बचाव तकनीकों तथा समय पर राहत एवं बचाव एजेंसियों को सूचना देने के संबंध में भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले सही प्राथमिक उपचार, प्रचलित भ्रांतियों से बचने के उपाय तथा शीघ्र चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के महत्व पर विशेष बल दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) की तकनीक का प्रदर्शन कर उसका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा की जा सके।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी आपदा मित्रों ने अत्यंत उत्साह एवं सक्रियता के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया तथा विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर सभी आपदा मित्रों के बीच पहचान पत्र, टी-शर्ट, ट्राउजर, नोटपैड, कलम एवं फोल्डर का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने पंचायतों एवं स्थानीय समुदायों में जाकर प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्त जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा आम नागरिकों को बाढ़, सर्पदंश, डूबने की घटनाओं एवं अन्य आपदाओं से बचाव के संबंध में जागरूक करें, जिससे संभावित आपदाओं से जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

जिला प्रशासन, मधुबनी ने आमजन से अपील की है कि बाढ़ के मौसम में सतर्क एवं सजग रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं आपदा प्रबंधन तंत्र से संपर्क स्थापित करें। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ सुरक्षा जनजागरूकता के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को आपदा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने का अभियान निरंतर जारी है।

#FloodSafety #AapdaMitra #DisasterManagement #FloodAwareness #DisasterPreparedness #FloodRelief #IndiaNews #BreakingNews #LatestNews #HindiNews #NewsUpdate #EmergencyResponse #DisasterResponse #PublicAwareness #TrainingProgram #Administration #TodayNews #TrendingNews #NationalNews #LiveNews

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version