नकली सोना देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आगरा के पश्चिमीपुरी निवासी धर्मा और सत्यानगर, न्यू आबादी निवासी गंगा देवी के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से लोगों को सोना सस्ते दाम में बेचने का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
जांच अधिकारी पीएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले की शुरुआत मंडी आदमपुर के जवाहर नगर निवासी सुशील कुमार की शिकायत से हुई। शिकायत में बताया गया कि 27 नवंबर 2025 को उनकी दुकान पर एक व्यक्ति पहुंचा, जिसने अपना नाम रमेश प्रजापति बताया।
आरोपित ने दावा किया कि उसे जमीन की खुदाई के दौरान सोना मिला है और वह इसे बाजार से कम कीमत पर बेचना चाहता है। विश्वास जीतने के लिए उसने एक छोटा सोने जैसा टुकड़ा भी दिया, जिसे जांच कराने पर असली पाया गया। इसी के आधार पर पीड़ित को भरोसा हो गया और उसने बड़ी रकम निवेश कर दी।
इसके बाद आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से नकली सोना देकर करीब 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उसने तुरंत पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा किन-किन क्षेत्रों में इस प्रकार की ठगी को अंजाम दिया गया है।
