फरीदाबाद में तेज रफ्तार का एक और घातक मामला सामने आया है। सूरजकुंड रोड पर एक तेज गति से आ रही कार ने स्कूटी सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान तरुण सिंह के रूप में हुई है, जो ICICI Bank में रीजनल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और सेक्टर-23 संजय कॉलोनी के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय कार में एक निजी विश्वविद्यालय के चार छात्र-छात्राएं सवार थे। हादसे के बाद एक को छोड़कर बाकी सभी मौके से फरार हो गए और कार भी वहीं छोड़ दी गई।
परिजनों के अनुसार, तरुण सिंह दोपहर में ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित ओमैक्स सोसायटी में एक क्लाइंट से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय जैसे ही वे स्कूटी से सूरजकुंड रोड पर पहुंचे, पीछे से आई तेज रफ्तार इग्निस कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पिता राजा सिंह चौहान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
इस बीच, परिजनों ने कार में सवार युवक-युवतियों का शराब और ड्रग टेस्ट कराने की मांग की है, ताकि हादसे के पीछे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
