जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले हादसे में गांव माजरा जट्टां निवासी हरविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी राएपुर निवासी अरुण कुमार व टौंसा निवासी गुरप्रीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जिला खेल कार्यालय नवांशहर जा रहे थे। मोटरसाइकिल गुरप्रीत सिंह चला रहा था।जब वे गांव नाई मजारा के पास पहुंचे तो सड़क निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक दूसरी तरफ से गुजर रहा था। इसी दौरान आगे जा रहे एक टिप्पर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे उनका मोटरसाइकिल टिप्पर के पीछे टकरा गया। हादसे में गुरप्रीत सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरविंदर सिंह के सिर व बाजू और अरुण कुमार के मुंह पर चोटें लगीं।

दूसरे हादसे में गांव जानियां निवासी मुनीत कुमार ने बताया कि उसके पिता सुखविंदर पाल स्कूटी पर नवांशहर से गांव लौट रहे थे और वह अपने मोटरसाइकिल पर उनके पीछे आ रहे थे। जब वे सजावलपुर गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार आए एक मोटरसाइकिल ने उसके पिता की स्कूटी को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार थे।

हादसे में उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल नवांशहर ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा- 281, 106, 324 (4) के तहत मामल दर्ज किया है।
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version