राष्ट्रगान के दौरान किसी असमाजिक तत्व ने कालेज परिसर में जलता हुआ पटाखा बम फेंक दिया। जिसमें नगर के रहरा अडडा निवासी कक्षा 11 की छात्रा संजना घायल हो गई। वहीं, विद्यार्थियों के बीच तेज धमाका होने से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
यह पटाखा राष्ट्रगान में मौजूद छात्राओं की कतार के पास जाकर फट गया। जिसमें कक्षा 11 ए की छात्रा संजना घायल हो गई। वहीं, तेज धमाका होने से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। पूरे विद्यालय में भय का माहौल उत्पन्न हो गया।
शिक्षकों के बताया कि गुरुवार दोपहर को भी करीब 12 बजे शिक्षण कार्य के दौरान भी किसी असमाजिक तत्व के द्वारा पटाखा जलाकर फेंका गया था जिसमें शिक्षक सतीश चंद आंशिक रूप से चोटिल हुए थे। उस घटना को शिक्षकों ने दीपावली का उत्सव मानकर पुलिस को सूचित नहीं किया था।
शिक्षकों का कहना है कि सुबह विद्यालय के खुलते समय तथा दोपहर को छुटटी के दौरान भी कुछ असमाजिक तत्व गेट पर खडे़ होकर छात्र-छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करते हैं।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य महीपाल सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने छुटटी के बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया तथा मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। शिक्षकों ने सुबह नौ से दस तथा दोपहर तीन से चार बजे तक विद्यालय के बाहर पुलिस तैनात रखने की मांग की है।
