वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर प्रखंड अंतर्गत दौलतपुर गांव निवासी नवनीत राज को नीट परीक्षा में 1527वीं रैंक प्राप्त करने पर श्री कृष्णा यादव महासभा, ग्रामीणों एवं परिजनों की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
नवनीत राज, श्री मुकुल प्रसाद यादव के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर आयोजित समारोह में उन्हें शाल, पुष्पगुच्छ, कलम और पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का नेतृत्व श्री कृष्णा यादव महासभा, वैशाली जिला अध्यक्ष विमल किशोर राय ने किया। समारोह में महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता श्याम नंदन कुमार यादव तथा प्रदेश महिला अध्यक्ष अंजनी रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर नवनीत राज के पिता मुकुल प्रसाद यादव ने श्याम नंदन कुमार यादव, अंजनी रंजन और विमल किशोर राय का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने नवनीत राज की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने भी उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
