*18 से 25 वर्ष के युवा-युवतियां ले सकेंगे भाग; तीन श्रेष्ठ वक्ताओं का होगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन*

*युवाओं की आवाज बनेगी विकसित भारत की ताकत, खेल भवन, मधुबनी में 23 नवंबर को यूथ पार्लियामेंट*

*युवाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का मिलेगा अवसर : अमरेंद्र कुमार अमर*
~~~~
मधुबनी,
21 नवम्बर, 2026

युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वैचारिक अभिव्यक्ति, तार्किक चिंतन एवं सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने तथा उन्हें अपनी बात प्रभावशाली ढंग से सार्वजनिक मंच पर रखने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार माय भारत केंद्र, मधुबनी द्वारा 23 नवंबर 2026 को विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम खेल भवन, वाटसन स्कूल के निकट, मधुबनी में आयोजित होगा।

सहायक निदेशक सह जिला युवा अधिकारी अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संवाद, नेतृत्व एवं विचारों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में मधुबनी जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा एवं युवतियां भाग ले सकते हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को उक्त विषय पर अधिकतम तीन मिनट की समय-सीमा में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रतियोगिता में युवाओं की वैचारिक स्पष्टता, अभिव्यक्ति, प्रस्तुतीकरण एवं विषय की समझ को प्रमुखता दी जाएगी।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन श्रेष्ठ वक्ताओं का चयन राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे व्यापक मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर सकेंगे।

जिला युवा अधिकारी ने जिले के सभी योग्य युवा एवं युवतियों से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण, स्वस्थ युवा शक्ति और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version