प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–17 फरवरी 2026
नगर निगम, सीतामढ़ी में जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने के संबंध में कथित अनियमितता का मामला प्रकाश में आने पर की गई आवश्यक कार्रवाई।
नगर क्षेत्र के निवासी श्री सद्दाम राइन द्वारा अपने बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम में आवेदन दिया गया था। इस क्रम में श्री राइन ने आरोप लगाया कि वसूली सिपाही दिनेश कुमार उर्फ बबलू तिवारी द्वारा प्रमाण पत्र निर्गत करने के एवज में अवैध राशि की मांग की गई।
उक्त संबंध में श्री राइन द्वारा जिलाधिकारी, सीतामढ़ी को शिकायत प्रस्तुत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ता एवं संबंधित कर्मी को तलब किया तथा दोनों पक्षों से विस्तृत पूछताछ की। प्रारंभिक जांच एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला सत्य प्रतीत होने पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, जिलाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को विभागीय जांच का दायित्व सौंपते हुए निर्देशित किया गया है कि नगर निगम से संबंधित ऐसे सभी मामलों/शिकायतों की सघन एवं निष्पक्ष जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जन्म प्रमाण पत्र सहित किसी भी नागरिक सेवा के लिए निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
