दिल्ली की आईजीआई एयरपोर्ट से उड़ान भरकर पटना के जय प्रकाश नारायण हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट (एआई 1741) लैंडिंग के समय एक पक्षी से टकरा गई। विमान के पायलट ने रनवे के पास पहुंचते ही दाहिने टरबाइन से पक्षी के टकराने की आशंका जताई थी। इसके बाद विमान को सुबह 7:43 बजे सुरक्षित लैंड कराया गया।

उतरने के बाद की गई तकनीकी जांच में बर्ड हिट की पुष्टि हुई, लेकिन गनीमत रही कि इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। पूरी सुरक्षा जांच और क्लियरेंस मिलने के बाद विमान को वापस दिल्ली लौटने की मंजूरी दी गई। इस प्रक्रिया के कारण दिल्ली जाने वाली वापसी की फ्लाइट (एआई 1852) अपने निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे के बजाय 79 मिनट की देरी से सुबह 10:09 बजे रवाना हो सकी। इस उड़ान में 160 यात्री सवार थे। बता दें कि जय प्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर बीते एक हफ्ते के भीतर एअर इंडिया के विमान के साथ बर्ड हिट की यह दूसरी घटना है।
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version