तिरहुत प्रमंडल खेल महोत्सव 2026 में SIT सीतामढ़ी का ऐतिहासिक प्रदर्शन
मुजफ्फरपुर:
तिरहुत प्रमंडल खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी क्रिकेट ग्राउंड एवं अन्य खेल परिसरों में किया गया, जिसमें सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT), सीतामढ़ी ने खेल एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रमंडल में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की। SIT के विद्यार्थियों ने अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।
क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में SIT सीतामढ़ी ने मेजबान एमआईटी मुजफ्फरपुर को 37 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SIT ने निर्धारित 15 ओवरों में मात्र 1 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस शानदार प्रदर्शन में आशीष राज ने 45 गेंदों पर 91 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 11 छक्के शामिल थे। वहीं सोमेंद्र कुमार चौधरी ने केवल 32 गेंदों में 90 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की विस्फोटक पारियों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआईटी मुजफ्फरपुर की टीम 14.3 ओवरों में 185 रनों पर सिमट गई। गेंदबाजी में SIT के कप्तान आयुष कुमार ने 2.3 ओवरों में 25 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अतिरिक्त सोनू कुमार ने 3 ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट तथा सोमेंद्र कुमार चौधरी ने 3 ओवरों में 33 रन देकर 2 विकेट प्राप्त कर जीत सुनिश्चित की।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी SIT सीतामढ़ी के खिलाड़ियों ने पदकों की झड़ी लगा दी। 200 मीटर दौड़ में गौतम कुमार ने स्वर्ण पदक और अमन कुमार ने रजत पदक जीता। 400 मीटर पुरुष वर्ग में रुद्र कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि अमन कुमार ने रजत पदक अपने नाम किया। जैवलिन थ्रो में भी अमन कुमार ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा सोनू कुमार ने एथलेटिक्स में दोहरी सफलता दर्ज करते हुए लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक तथा हाई जंप में रजत पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में रानी कुमारी ने रजत पदक प्राप्त किया।
टीम खेलों में SIT सीतामढ़ी की बालिका वॉलीबॉल टीम एवं बालिका कबड्डी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले तक का सफर तय किया और दोनों ही प्रतियोगिताओं में उपविजेता स्थान प्राप्त किया। शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो वाद-विवाद प्रतियोगिता में कुमारी खुशी शिना ने प्रभावशाली तर्क एवं आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त कर संस्थान की बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
इस पूरे आयोजन की सफलता में संस्थान के खेल प्रभारी कुमार केशव झा, सनी कुमार एवं रिशव प्रकाश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही SIT सीतामढ़ी के छात्र समन्वयक आयुष सिंह ने आयोजन के दौरान समन्वय और प्रबंधन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। SIT सीतामढ़ी की यह ऐतिहासिक उपलब्धि संस्थान की खेल संस्कृति, शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों के सर्वांगीण विकास का सशक्त प्रमाण है।
