जनपद में कामर्शियल गैस सिलिंडर की कमी से जूझ रहे छोटे कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब ठेला-खोमचा, फास्ट-फूड विक्रेता और छोटे व्यवसाय संचालकों को एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) के तहत पांच किलो का छोटा गैस सिलिंडर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कामर्शियल सिलिंडर की उपलब्धता न होने के कारण कई छोटे दुकानदारों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया था। कई ठेला संचालक और फास्ट-फूड विक्रेता अपनी दुकानें बंद करने की कगार पर पहुंच गए थे, वहीं कुछ रेस्टोरेंट और ढाबों पर बंदी के नोटिस तक लग चुके थे।
इस समस्या को देखते हुए गैस एजेंसियों ने एफटीएल गैस कनेक्शन देने की प्रक्रिया को सरल बना दिया है। अब इच्छुक विक्रेताओं को केवल आधार कार्ड, पहचान पत्र और अपने व्यवसाय से जुड़ी सामान्य जानकारी देनी होगी।
आवेदन के बाद कम समय में उन्हें गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा। हालांकि, कनेक्शन के लिए निर्धारित सुरक्षा राशि जमा करनी होगी।
केटी गैस एजेंसी के मालिक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि इस योजना के तहत छोटे दुकानदारों के साथ-साथ शहर में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को भी एफटीएल गैस कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को सिर्फ आधार कार्ड साथ लाना होगा।
