झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योजना में उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ सकी हैं या प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत नहीं हैं।

ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग ने राज्य के सभी 24 जिलों के लिए सड़क निर्माण का लक्ष्य तय किया है।

पूर्वी सिंहभूम में 1,400, पलामू में 1,100, गढ़वा में 1,000, चतरा में 850 तथा लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य है।

पश्चिमी सिंहभूम में 750 और हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। बोकारो और गोड्डा में 600-600, लोहरदगा व सिमडेगा में 500-500 तथा देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

गांवों में होगी बेहतर सड़क

अन्य जिलों के लिए भी आवश्यकता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सड़क संपर्क मजबूत होने से किसानों को अपनी उपज, सब्जियां, फल और अन्य उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी। आवागमन का समय और परिवहन लागत कम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सड़कें टिकाऊ हों और ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version