जेवर क्षेत्र के सात गांवों को बिजली आपूर्ति के लिए अब अलीगढ़ के उसरह बिजलीघर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

दयानतपुर समेत सात गांवों को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-28 तिरथली स्थित बिजलीघर से जोड़ दिया गया है। इससे गांवों में बिजली आपूर्ति सुधरने के साथ जेवर बिजलीघर का लोड भी घटेगा। नई व्यवस्था से इन गांव को प्रतिदिन 18 से 22 घंटे बिजली मिलने की उम्मीद है।दयानतपुर, रामपुर बांगर, बेगमाबाद, सिवारा, कर्रोल,नगला कंचन, नगला चांदन, को पहले जेवर टाउन और देहात बिजलीघरों से आपूर्ति दी जाती थी।

जेवर देहात बिजलीघर की आपूर्ति अलीगढ़ के उसरह बिजलीघर से होती है। लंबी दूरी और अधिक लोड के चलते ग्रामीणों को अघोषित कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती थी।

गांवों को मिलेगी राहत

सेक्टर-28 बिजलीघर से सीधी आपूर्ति शुरू होने के बाद इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है। सात गांवों का लोड अलग होने से जेवर बिजलीघर पर भी दबाव कम होगा। इससे जेवर कस्बे और आसपास के गांवों के फीडरों को राहत मिलेगी और शेष क्षेत्र में आपूर्ति सुचारू करने में मदद मिलेगी।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बिजली संकट आम समस्या थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विद्युत व्यवस्था में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से जेवर और गांव दोनों को ही लाभ होगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version