
जिला स्तरीय मॉक एक्सरसाइज को लेकर डीएम की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक
सीतामढ़ी | 24 फरवरी 2026
आज दिनांक 24.02.2026 को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में 26.02.2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), नई दिल्ली तथा आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार, पटना द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित भूकंप के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी जानकारियों को साझा किया गया। इस क्रम में प्रस्तावित भूकंप परिदृश्य के अंतर्गत मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु जिले में कुल छः स्थलों को चिन्हित किया गया है —
1.सदर अस्पताल (मॉडल हॉस्पिटल)
2.इंडस्ट्रियल एरिया
3.जिला योजना भवन, (समाहरणालय परिसर)
4.श्री कृष्णा पेट्रोल पंप, लगमा
5.रिलायंस ट्रेंड्स
6.एस.आई.टी. इंजीनियरिंग कॉलेज, गोसाईपुर, सीतामढ़ी।
इन सभी स्थलों पर वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए उन्हें मॉक एक्सरसाइज की विस्तृत रूपरेखा एवं कार्य योजना से अवगत कराया गया। विशेष रूप से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विद्युत विभाग, नगर निगम, अग्निशमन, यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह मॉक एक्सरसाइज भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने तथा उन्हें और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध एवं अनुशासित तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री बृज किशोर पाण्डेय, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री रजनीश कुमार लाल जिला स्थापना उप समाहर्ता, श्री अभिराम त्रिवेदी नगर आयुक्त, श्री गजेन्द्र कुमार सिंह अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, श्री आनंद कुमार सिविल सर्जन, श्री अखिलेश कुमार जिला नजारत उप समाहर्ता, श्री प्रकाश कुमार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना, श्री मनीष कुमार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, श्री आयुष कुमार शिक्षा विभाग, संबंधित अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन द्वारा आम जनों से अपील की गई है कि दिनांक 26.02.2026 को आयोजित मॉक एक्सरसाइज के दौरान किसी प्रकार से भयभीत न हों। यह केवल एक पूर्वाभ्यास (ड्रिल) है, जिसका उद्देश्य आपदा के समय जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं राहत-बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

