समाहरणालय, सीतामढ़ी
(जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 14.03.2026
जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में पंचायती राज विभाग की विभागीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अपर जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव, अंकेक्षक, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
बैठक में सूचना के अधिकार (RTI) से संबंधित प्राप्त आवेदनों के आलोक में यह निर्देश दिया गया कि आवेदक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान सभी पंचायतों में विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विकासात्मक योजनाओं का क्रियान्वयन सभी क्षेत्रों में समानुपातिक रूप से किया जाए, ताकि सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों का लाभ समान रूप से पहुंच सके।
कम व्यय करने वाले पंचायत समिति एवं पंचायतों में योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने हेतु कैंप मोड में कार्य करते हुए समय-सीमा के भीतर योजनाओं का क्रियान्वयन एवं भुगतान पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण हो, इसके लिए वे स्वयं स्थल निरीक्षण करेंगे। साथ ही सभी योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति एवं तकनीकी स्वीकृति से पूर्व संबंधित योजना का स्थल निरीक्षण कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि योजनाओं के दोहरीकरण से बचा जा सके। विभागीय नियमों के प्रतिकूल योजनाओं के क्रियान्वयन में संलिप्त पदाधिकारी, कर्मी अथवा जनप्रतिनिधि को चिह्नित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी पंचायत सचिवों को पंचायत में संचालित सभी मदों की योजनाओं का मास्टर डाटा तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी मद से क्रियान्वित योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके।
सोलर लाइट से संबंधित योजनाओं के रख-रखाव (मेंटेनेंस) को प्राथमिकता देते हुए उसे समय पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। अन्यथा की स्थिति में विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में संबंधित एजेंसी के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) के संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए गाइडबुक के मार्गदर्शन का पालन करते हुए अंकेक्षण एवं उपयोगिता प्रमाण पत्रों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही RTPS तथा ग्राम कचहरी में लंबित मामलों के निष्पादन एवं विभागीय लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे बिना किसी अनैतिक दबाव में आए विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें। यदि किसी के द्वारा नियम के प्रतिकूल कार्य हेतु दबाव बनाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति को चिह्नित कर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक के अंत में बिहार दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिला स्तर पर सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
