समाहरणालय सीतामढ़ी

जन संपर्क प्रशाखा

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक–08 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में आज बेलसंड प्रखंड कार्यालय सभाकक्ष में अनुमंडल अंतर्गत परसौनी एवं बेलसंड प्रखंडों में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेलसंड के माननीय विधायक श्री अमित रानू भी उपस्थित थे।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने आईसीडीएस की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों प्रखंडों के सीडीपीओ को कड़ी फटकार लगाई तथा कार्य संस्कृति में त्वरित सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईसीडीएस योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाए। सभी 94 आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, सतत फील्ड विजिट, निर्धारित SOP के अनुरूप केंद्र संचालन तथा “जनता के दरबार” का नियमित आयोजन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित सीडीपीओ एवं एलएस के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, प्रसव सेवाओं की गुणवत्ता, टीकाकरण अभियान की शत-प्रतिशत उपलब्धि, तथा अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके अतिरिक्त एंबुलेंस सेवाओं की सुलभता एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों को आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता, समय पर भुगतान एवं जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी बढ़ाने को कहा। साथ ही पेयजल की समुचित उपलब्धता, विद्यालयों में साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था, एलपीजी आपूर्ति की सुचारु स्थिति, तथा निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में माननीय विधायक बेलसंड द्वारा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया तथा कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। उन्होंने चिन्हित सड़कों के निर्माण, निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की जांच, मनुषमारा नदी की सफाई, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, एंबुलेंस एवं एलपीजी की उपलब्धता से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीओ बेलसंड वंदना सिंहा, बीडीओ परसौनी एवं बेलसंड, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, वरीय उप समाहर्ता श्री ऋषभ सहित दोनों प्रखंडों के सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version