समाहरणालय, सीतामढ़ी

जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जल संसाधन विभाग एवं लघु जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी एवं रुन्नीसैदपुर द्वारा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। इस क्रम में बागमती नदी के बाएं एवं दाएं तटबंधों के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा कालीकरण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि तटबंधों के निर्माण कार्य में बाधक वृक्षों के पतन के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी को प्रस्ताव भेजा गया है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले में सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नई योजनाओं के निर्माण एवं कार्यान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नलकूप योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सात निश्चय पार्ट-3 के अंतर्गत “हर खेत को पानी” कार्यक्रम के तहत छूटी हुई योजनाओं के सर्वेक्षण की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि अब तक कुल 85 योजनाओं का सर्वेक्षण किया जा चुका है, जिसमें वियर, चेक डैम, पईन तथा उद्वह (लिफ्ट) सिंचाई योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत तैयार की गई 4 योजनाओं की डीपीआर विभाग को भेजी गई है, जिसकी स्थिति की भी समीक्षा बैठक में की गई।
बैठक में कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल सीतामढ़ी एवं रुन्नीसैदपुर के साथ कार्यपालक अभियंता, लघु जल संसाधन विभाग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version