ब्लाँक नोडल अफसर एवं संबंधित विभाग के JE/AE करेंगे संयुक्त जाँच, युद्धस्तर पर गढामुक्ति की होगी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई
डीएम ने VC कर दिया टास्क
~~~~
मधुबनी,
26 अक्टूबर 2026
लोक आस्था, श्रद्धा, भक्ति एवं सूर्योपासना का महापर्व छठ के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का निर्देश दिया है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कायाकल्प अभियान की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों में प्रखंड नोडल पदाधिकारियों को संबंधित विभाग के कनीय अभियंता अथवा सहायक अभियंता के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों की स्थलीय जांच करने तथा उसकी स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर सड़कों की जांच, मरम्मत एवं गड्ढों को भरने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को इस कार्य की सतत एवं प्रभावी निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य कराएं तथा यह सुनिश्चित करें कि छठ महापर्व से पूर्व सभी सड़कें आवागमन के लिए सुगम एवं सुरक्षित हो जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश भी दिया गया।
आम नागरिकों को सड़कों की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने गड्ढा मुक्त बनाई गई सड़कों की जानकारी संबंधित सोशल मीडिया हैंडल पर नियमित रूप से पोस्ट करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों की जांच, मरम्मत एवं गड्ढा मुक्त किए जाने से संबंधित अद्यतन आंकड़े समयबद्ध तरीके से प्राप्त किए जाएं तथा सोशल मीडिया पर नियमित रूप से साझा किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवश्यक जानकारी मिल सके।
कायाकल्प अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी एवं मूल्यांकन के लिए जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में एक विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। इस सेल के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही, कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में पथ निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा पुल निर्माण निगम के अधीन कुल 37 सड़कें हैं। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत जिले में पांच कार्य प्रमंडल कार्यरत हैं। इन सभी विभागों एवं कार्य प्रमंडलों के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति की जांच कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जानी है।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 12 नवंबर से पूर्व जिले की सभी सड़कों की जांच कर उन्हें गड्ढा मुक्त बनाने की कार्रवाई पूरी कर ली जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा निर्धारित समय-सीमा का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
इस रणनीतिक अभियान का उद्देश्य यह है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सक्रियता के साथ कार्य करते हुए कायाकल्प अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है।
