राजधानी भोपाल में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने सख्त फैसला सुनाया है। अदालत ने दोषी अजीत राय उर्फ बाबू को उसके शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यानी दोषी को अब जीवनभर जेल में रहना होगा। विशेष न्यायाधीश कुमुदिनी पटेल की अदालत ने 14 नवंबर को फैसला सुनाते हुए पीड़िता को छह लाख रुपये प्रतिकर देने का आदेश भी दिया।
बच्ची जब मिली तो उसके चेहरे पर चोट के निशान और सूजन थी। कपड़ों पर खून भी लगा हुआ था। पीड़िता ने बताया कि एक व्यक्ति उसे कुरकुरे और चॉकलेट दिलाने का लालच देकर ऑटो से जंगल की ओर ले गया था। वहां आरोपी ने उसके साथ यौन हिंसा की। बच्ची के मुताबिक आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और जबरन शराब व गुटखा भी खिलाया।
डीएनए रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और अजीत राय को गिरफ्तार किया। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने डीएनए रिपोर्ट के साथ परिस्थितिजन्य और दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया और कठोर सजा सुनाई।
इन धाराओं में सुनाई सजा
विशेष न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एम)/6 के तहत दोषी को शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा अन्य धाराओं में भी सश्रम कारावास दिया गया।
धारा 137(2) के तहत पांच वर्ष का कारावास।
धारा 87 के तहत पांच वर्ष का कारावास।
धारा 123 के तहत पांच वर्ष का कारावास।
धारा 115(2) के तहत एक वर्ष का सश्रम कारावास।
अदालत ने प्रत्येक धारा में 100 रुपये का अर्थदंड भी लगाया। इसके साथ ही पीड़िता को छह लाख रुपये प्रतिकर देने का आदेश दिया गया। शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिव्या शुक्ला और नवीन श्रीवास्तव ने मामले की पैरवी की।
