चंडीगढ़-हिसार नेशनल हाईवे पर कलायत इलाके के अंतर्गत गांव शिमला के पास गुरुवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया।

यहां एक एथनॉल से भरे टैंकर और धान से लदे ट्रक के बीच हुई टक्कर के बाद टैंकर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद दोनों गाड़ियों में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से एथनॉल टैंकर के ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक चालक राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है।

हवा चेक करने नीचे उतरा था ट्रक ड्राइवर
मिली जानकारी के मुताबिक, धान से लदे एक ट्रक का ड्राइवर पहियों की हवा जांचने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा एथनॉल से भरा तेज रफ्तार टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एथनॉल के संपर्क में आते ही टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में बदल गया।

दमकल की कई गाड़ियों ने पाया काबू

ब्लास्ट की आवाज और ऊंची उठती लपटों को देखकर आसपास के क्षेत्र और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि आग की लपटें काफी विकराल थीं, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 5 से 6 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version