जिला एमएमजी अस्पताल में शुक्रवार की दोपहर को सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख को तैनात सुरक्षा गार्ड,चौकीदार एवं स्वास्थ्यकर्मी सोते रहे और चोर ताला व दरवाजे के शीशे तोड़कर आक्सीजन सप्लाई के उपकरण (फ्लोमीटर) तोड़ते रहा।

प्रथम तल स्थित बी ब्लाक वार्ड का ताला दिन दहाड़े तोड़कर चोर बेडों पर मरीजों को आक्सीजन की सप्लाई के लिये लगाये उपकरणों को उखा़डने में लग गया।

चोरों ने वार्ड में बैठकर तोड़े उपकरण

चोर ने वार्ड में तसल्ली से बैठकर उपकरण तोड़कर उनमें से मंहगा सामान निकाला और शेष को वार्ड में इधर उधर फेंककर भाग गया। इनकी कीमत लाखों रूपये बताई गई है। सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने सीसीटीवी फुटेज खंगलवाये तो चोर एक ही दिखाई दिया है।

इसके आधार पर पुलिस को तहरीर भेजकर जहां सुसंगत धाराओं में एफआइआर दर्ज करने का अनुरोध किया है वहीं पर सुरक्षा प्रभारी को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

नोटिस में पूछा है कि आखिर चोरी किन कारणों से हो रही है। सीएमएस ने लिखा है कि चोरी से पूरे वार्ड की ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई है। सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। इससे पहले भी अस्पताल परिसर से कई बार सामान चाेरी हो चुका है।

खास बात यह है कि 24 घंटे शिफ्टों में 17 सुरक्षाकर्मी अस्पताल के चप्पे चप्पे पर तैनात रहते हैं। फिर भी अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्व ,नशेड़ी और चोर घूमते रहते हैं। इमरजेंसी में आये दिन मरीजों के तीमारदार हंगामा करते रहते हैं। सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बाद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होने की जगह खराब होती जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version