कनाडा का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर शहर के एक परिवार से 36 लाख 89 हजार 500 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-नौ थाना पुलिस ने अदालत से प्राप्त परिवाद के आधार पर एक्सप्रेस एंट्री इमिग्रेशन सर्विसेज, सेक्टर-35 चंडीगढ़ के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुखविंदर पाल सिंह, निवासी सेक्टर-10 अर्बन एस्टेट अंबाला शहर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने नवंबर 2024 में कनाडा जाने के लिए उक्त इमिग्रेशन कंपनी से संपर्क किया था। कंपनी के मालिक डेविड अरोड़ा और उसकी बिजनेस पार्टनर मनदीप कौर ने उन्हें तीन-चार माह में वर्क परमिट दिलाने का भरोसा दिया।
आरोप है कि 40 हजार कैनेडियन डालर में डील तय हुई और अलग-अलग किस्तों में रजिस्ट्रेशन फीस सहित कुल 36 लाख 89 हजार 500 रुपये चेक व नकद के माध्यम से ले लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपितों ने एलएमआइए, पीपीआर, वीएफएस अपाइंटमेंट और स्कोटिया बैंक जमा राशि से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए, जो बाद में फर्जी पाए गए।
आरोप हैं कि रकम लेने के लिए लगातार दबाव बनाया गया और कथित तौर पर नकली दस्तावेज भेजकर भरोसा दिलाया जाता रहा। जब और 18 लाख रुपये की मांग की गई तो शिकायतकर्ता को शक हुआ। जांच में दस्तावेजों में कथित रूप से कटिंग व जानकारी छिपाने की बात भी सामने आई।
