मरीज के इलाज से इनकार करने को लेकर मंगलवार की रात से शुरू हुआ विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल चरकूपा गांव निवासी 45 वर्षीय सिकंदर खान की पटना में इलाज चल रहा है।

स्थिति बिगड़ने पर मौत की सूचना आई जिसके बाद आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने नुनिया टिल्हा स्थित डॉ. रंजीत यादव के निजी क्लीनिक पी. मेमोरियल अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दिया। अस्पताल की एंबुलेंस को आग के हवाले कर दिया।इसके बाद रफीगंज-गया पथ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। लगभग पांच घंटे तक चले हंगामे से इलाके में अफरातफरी मची रही। डर से कोई इस रास्ते से जाने को तैयार नहीं था।

ग्रामीणों ने घटना के संबंध में बताया कि मंगलवार की देर रात सिकंदर खान गुलजार बिगहा के एक मरीज को इलाज कराने नुनिया मोहल्ला स्थित पी. मेमोरियल अस्पताल ले गए थे। अस्पताल संचालक डॉ. रंजीत यादव ने मरीज की गंभीर स्थिति देखते हुए इलाज करने से इनकार कर दिया।

इसी बात को लेकर सिकंदर खान और चिकित्सक के बीच कहासुनी शुरू हुई ई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और रॉड से जमकर मारपीट हुई।

इसमें सिकंदर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाया गया था, जहां गुरुवार को उनकी स्थिति बिगड़ गई और रफीगंज में मौत की सूचना पहुंची जिसके बाद यह हंगामा हुआ।

तथाकथित मौत की खबर पर उग्र हुई भीड़

सिकंदर खान की तथाकथित मौत की सूचना मिलते ही गुरुवार की दोपहर 11 बजे से बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन अस्पताल पहुंच गए। शाम छह बजे पता चला कि उनकी मौत नहीं हुई है बल्कि स्थिति खराब है। वार्ड पार्षद नुरुल खान ने बताया कि सिकंदर की मौत नहीं हुई है, बल्कि अभी सांस चल रही है।

आक्रोशित लोगों ने क्लीनिक में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां रखे सामान में आग लगा दिया। अस्पताल की एंबुलेंस को जला दिया। इसके बाद नुनिया टिल्हा के पास सड़क पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया।

स्थिति बिगड़ती देख आग बुझाने पहुंचे अग्निशमन वाहन में तोड़फोड़ की गई और कर्मियों को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान थानाध्यक्ष और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई।

पांच घंटे की मशक्कत के बाद हटा जाम

हंगामे की सूचना पर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार, मुफस्सिल इंस्पेक्टर मो. परवेज, नगर थाना इंस्पेक्टर फहीम आजाद खां, रफीगंज इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, इंस्पेक्टर रामजी प्रसाद, थानाध्यक्ष शंभू कुमार, बीडीओ कुमार अश्विनी और अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार पुलिसकर्मी के साथ मौके पर पहुंचे।

आक्रोशित भीड़ के तेवर को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मी की तैनाती की गई। स्थानीय वार्ड पार्षद नुरूल होडा खान, शमू खान, मो. सुहैल, मो. जुबैर, पूर्व मुखिया शाहजादा शाही और फहद शाही सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत तथा समझौते के बाद करीब पांच घंटे बाद सड़क जाम हटाया जा सका।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में चिकित्सक डॉ. रंजीत कुमार और कंपाउंडर सौरभ कुमार को हिरासत में लिया गया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सड़क जाम एवं उपद्रव मामले में प्राथमिकी नहीं हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version