प्रेस विज्ञप्ति
एसआईटी सीतामढ़ी में ‘नई उम्मीद’ कार्यशाला का आयोजन: तनाव मुक्त जीवन और तकनीकी कौशल के संगम से खिलेगा छात्रों का भविष्य l
सीतामढ़ी, 23 फरवरी, 2026: विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार तथा ब्रह्मा कुमारी के संयुक्त तत्वावधान में सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) के सेमिनार हॉल-2 में ‘नई उम्मीद – ए बेटर टुमारो’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार , मुख्य वक्ता बी.के. आमोद कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जहाँ होस्ट सलोनी कुमारी ने अपनी ओजस्वी वाणी में अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विप्रो के पूर्व सीनियर आईटी ऑफिसर बी.के. आमोद कुमार सिंह ने अपने 16 वर्षों के कॉर्पोरेट अनुभव और 25 वर्षों के राजयोग अभ्यास के माध्यम से छात्रों को तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक गुर सिखाए।
कार्यशाला को और अधिक प्रभावी बनाने में ब्रह्मा कुमारी सीतामढ़ी की केंद्र प्रभारी वंदना दीदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने अपने कई वर्षों के समर्पित ईश्वरीय जीवन के अनुभवों से महिला सशक्तिकरण और सकारात्मक जीवनशैली पर प्रकाश डाला। उनके साथ माउंट आबू से आए प्रेम प्रधान जी (MA, B.Ed), जो पिछले 10 वर्षों से समर्पित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, तथा ब्रह्मा कुमारी परिहार से जुड़ीं श्वेता बहन (B.Com), जो पिछले 15 वर्षों से समाज सेवा में कार्यरत हैं, ने भी अपने प्रेरणादायक विचारों से छात्रों का मार्गदर्शन किया। सेमिनार हॉल में प्रेरक वीडियो, लघु फिल्मों और मोटिवेशनल गीतों के माध्यम से एक बेहद इंटरएक्टिव सत्र चलाया गया, जिसने छात्रों को मानसिक तनाव और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर ‘अवसाद से आशा की ओर’ बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन और प्रबंधन में छात्र समन्वयक मोहम्मद सैफ और वालंटियर्स की टीम—मेघा संतोष, सिमरन सिंह, नैन्सी कुमारी, सत्यजीत कुमार और सोनू—ने अग्रिम भूमिका निभाई। संस्थान के समन्वयक श्री सुशांत कुमार, सुश्री आकांक्षा चौधरी, डॉ. प्रवीण कुमार, श्री मयूर और श्री नीरज के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अकबर अली, श्री सुशील कुमार तिवारी, जिज्ञासा कुमारी और अंशु माला सहित समस्त प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विभाग के अपर सचिव-सह-निदेशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
